- – न्यायालय के आदेश पर प्रशासन की कार्रवाई, वर्षों से हो रही थी अवैध खेती
द खबर टाइम्स/श्रवण कुमार पटवा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर
तहसील क्षेत्र के बढ़नी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम धनौरा एहतमाली में सीलिंग खाते में दर्ज सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाकर तहसील प्रशासन ने लगभग 13 बीघा भूमि को सीमांकन के बाद ग्राम प्रधान को सुपुर्द कर दिया। यह कार्रवाई 12 फरवरी 2026 को राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में न्यायालय के आदेश के अनुपालन में संपन्न हुई।

वर्षों से अवैध रूप से हो रही थी खेती- राजस्व अभिलेखों के अनुसार ग्राम धनौरा एहतमाली, तप्पा खजहनी, परगना नौगढ़ स्थित गाटा संख्या 186क (0.736 हेक्टेयर) एवं 200क (0.898 हेक्टेयर) सीलिंग भूमि के रूप में दर्ज है। उक्त भूमि पर गांव निवासी इजहार अहमद पुत्र गुलाम अब्दुल कादिर द्वारा लंबे समय से अवैध कब्जा कर खेती की जा रही थी। मौके पर गेहूं की खड़ी फसल भी पाई गई। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर विधिवत सीमांकन किया तथा लाल झंडी लगाकर भूमि का चिन्हांकन किया। इसके बाद नियमानुसार खड़ी फसल सहित भूमि का कब्जा ग्राम प्रधान को सुपुर्द कर दिया गया।
वर्ष 2021 में शुरू हुई जांच, फर्जी नामांकन हुआ निरस्त- तहसीलदार की आख्या दिनांक 15 जनवरी 2021 के आधार पर इस प्रकरण की जांच शुरू की गई थी। जांच में पाया गया कि संबंधित भूमि चकबंदी अभिलेखों में अतिरिक्त (सीलिंग) भूमि के रूप में दर्ज है। पूर्व में चकबंदी अधिकारी द्वारा अब्दुल हलीम पुत्र अदालत का नाम दर्ज किया गया था, जिसे उप जिलाधिकारी न्यायालय शोहरतगढ़ द्वारा 30 दिसंबर 1998 को निरस्त कर दिया गया था। इसके विरुद्ध दायर निगरानी याचिका भी अपर आयुक्त प्रशासन, बस्ती मंडल द्वारा 17 अगस्त 1999 को खारिज कर दी गई थी। तहसीलदार की जांच में यह भी सामने आया कि 5 नवंबर 2007 को बिना सक्षम आदेश के पुनः नाम दर्ज कर दिया गया, जिसके आधार पर इजहार अहमद का नाम खतौनी में दर्ज हो गया था। न्यायालय ने इसे फर्जी एवं त्रुटिपूर्ण मानते हुए निरस्त कर दिया।
न्यायालय के आदेश पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई- सक्षम न्यायालय के आदेश के अनुपालन में तहसील प्रशासन ने भूमि का सीमांकन कर उसे सरकारी अभिलेख के अनुसार ग्राम प्रधान को सुपुर्द कर दिया। साथ ही रजिस्टर मालिकान एवं खतौनी में आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उप जिलाधिकारी विवेकानंद मिश्र ने कहा कि सरकारी एवं सीलिंग भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस कार्रवाई में तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव, कानूनगो, हल्का लेखपाल मुस्ताक सहित राजस्व विभाग की टीम की सक्रिय भूमिका रही।
Loading Viewer...



























