द खबर टाइम्स/श्रवण पटवा
सिद्धार्थनगर
गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक बुलाई गयी। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने की। बैठक में मुख्य रूप से जनपद में उद्योग लगाने एवं इसके स्थापना को लेकर विभिन्न विन्दुओं पर चर्चा हुआ और बैठक में प्रमुख मुद्दा बना रहा। मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने कहा कि तहसील के सभी उप जिलाधिकारी कार्यालय से भूमि की उपलब्धता को लेकर उसकी सूची मंगा ली जाए यदि भूमि उपलब्ध नहीं है तो किसानों से नियमानुसार मुआवजा देकर भूमि अर्जित कर उद्योग स्थापना में सहयोग किया जा सकता है।

सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल ने बैठक में जनपद में उद्योग की स्थापना समेत जीएसटी विषय पर खुलकर बात की और कहा कि शत्रु संपत्ति आदि के छोटे-छोटे भू-भागों पर उद्योगों की स्थापना नहीं हो सकती है। उद्योगों की स्थापना के लिए शासन स्तर से भूमि की मांग करना अच्छा विकल्प हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि शासन स्तर पर भूमि उपलब्ध नहीं होता है तो उद्योग बंधु समिति के पदाधिकारियों को कास्तकारों से सर्किल रेट के नियमों के अनुसार भूमि उपलब्ध कराकर उद्योग को बढ़ावा देना चाहिए, ताकि जनपद उद्योग स्थापना के क्षेत्र में एक नया आयाम स्थापित कर सके।

साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जीएसटी विभाग के अधिकारियों की लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैये के चलते व्यापारी वर्ग परेशान है। बेवजह जनपद स्तर पर सुलझाए जाने वाले मामले को गोरखपुर भेज दिया जाता है और फिर वहां व्यापारियों को प्रताड़ित करना आम बात है। उन्होंने बासी एवं बिस्कोहर के व्यापारी का भी हवाला दिया। शोहरतगढ़ में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल के वरिष्ठ महामंत्री मनोज कुमार गुप्ता ने शोहरतगढ़ बाजार के अंदर खुले में बिक रहे मांस-मछली की दुकान को हटवाने, विद्युत के जर्ज़र तार बदलवाने एवं सेफ्टी जाली लगवाने की बात कही। प्रतिउत्तर में अधिशाषी अधिकारी सचिन कुमार पटेल ने खुले में बिक रहे मीट-मांस की दुकान को 15 दिन में हटाने का आश्वासन दिया।

साथ ही मनोज कुमार गुप्ता ने खुनुवा बाईपास मार्ग पर स्थाई रूप से खड़े कंडम वाहन को हटाने समेत शोहरतगढ़ पुलिस पिकेट कर पास दोनों अप्रोच को सही करने की बात कही तो वही व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष महेश कसौधन ने पुलिस पिकेट के आसपास सार्वजनिक मार्ग पर अवैध तरीके से किए गए अतिक्रमण को हटाने की भी बात कही तों वहीं बांसी व्यापार मण्डल के घनश्याम जायसवाल ने बांसी बाजार के अंदर खुले में बिक रहे मांस-मछली की दुकान को हटवाने सहित व्यापारी हित में कई विन्दुओं पर ध्यान आकर्षित कराया।

इस दौरान ईओ सचिन कुमार पटेल, अजय कसौधन, राजकमल जायसवाल, शोहरतगढ़ से उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल अध्यक्ष शैलेन्द्र कौशल, महामंत्री मनोज कुमार गुप्ता, राजू मद्धेशिया, रुपेश वर्मा, श्रवण पटवा, महेश गुप्ता, उद्योग व्यापार संगठन के आनन्द प्रकाश कसौधन आदि मौजूद रहे।



























